Sunday, 11 October 2015

धोनी नही, हमारे गेंदबाज रहे हार की असली वजह

बीते दिन कानपुर के ग्रीन पार्क क्रिकेट मैदान पर साउथ-अफ्रीकी टीम के हाथों 5 रन से हारने के बाद तमाम क्रिकेट प्रेमी भारतीय पारी के एकमात्र आखिरी ओवर पर फोड़ रहे हैं. आखिरी ओवर में आकर प्रेशर में रन बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता. धोनी और बिन्नी दोनों ही बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट होकर लौटे जो कि किसी भी निर्णायक ओवर में सबसे कारगर शॉट भी साबित हो सकता है.
 
लेकिन उससे पहले भी टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों ने ऐसा प्रदर्शन किया जो कि हार की बड़ी वजह रही. भारतीय टीम की हार की सबसे बड़ी वजह रही टीम की खराब गेंदबाज़ी. गेंदबाज़ी में भी खासकर तेज गेंदबाज जो काफी महंगे साबित हुए.

टीम इंडिया के गेंदबाज़ों को कल अश्विन की पीठ में लगी चोट का खामियाज़ा भुगतना पड़ा. अश्विन इस मुकाबले में कुल 5 ओवर भी पूरे नहीं कर पाए. लेकिन फिर भी बड़ा सवाल यही उठता है कि भारत की गेंदबाजी कब सुधरेगी? टी-20 में जो गलतियां की उससे गेंदबाजों ने वनडे में भी कुछ नहीं सीखा.

# जिस मैदान पर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए टीम का औसत स्कोर 230 रन के आस-पास है वहां पर भारतीय गेंदबाज़ों के सामने दक्षिण अफ्रीका ने 303 रन बना डाले.

# इतना ही नहीं भारतीय गेंदबाजी की वजह से कानपुर में एक नया रिकॉर्ड भी बन गया. इससे मुकाबले से पहले कभी कोई टीम कानपुर में 300 रन नहीं बना पाई.

# डेथ ओवर की कमज़ोरी एक बार फिर भारतीय टीम को भारी पड़ी मुकाबले के 40 ओवर खत्म होने के वक्त साउथ-अफ्रीकी टीम 200 रन भी पूरे नहीं कर पाई थी और पारी के आखिरी 10 ओवर में गेंदबाजों ने 109 रन लुटा दिए.

# भारतीय गेंदबाज़ों की खराब हालत के पीछे का कारण अश्विन की पीठ में दर्द ही बताया जा रहा है क्योंकि अश्विन के बचे 6 ओवर बाकी गेंदबाज़ों को मिलकर डालने पड़े. लेकिन अगर हम इस वजह पर गौर करें भी तो ये भी अहम है कि हमेशा अश्विन टीम के साथ नहीं होंगे तो तब मुकाबलों में क्या होगा. जिस तरह आगे सीरीज़ के बचे 4 मुकाबलों में होने वाला है.

# तेज़ गेंदबाज़ी में भारतीय टीम का नेतृत्व कर रहे गेंदबाज़ों में से कोई एक भी किफायती साबित नहीं हुआ. तेज गेंदबाजों की पूरे मैच में खूब धुनाई हुई. उमेश यादव ने 10 ओवर में 71 रन लुटा दिए. तो वहीं भुवनेश्वर कुमार ने 67 रन पिटवाए. स्टुअर्ट बिन्नी ने 8 ओवर में 63 रन दिए.
 
# भारतीय गेंदबाजों की सबसे ज्यादा पिटाई दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एबी डिविलियर्स ने की. डीविलियर्स ने नाबाद शतक लगाया और तेज़ गेंदबाज़ों को उन पर हावी होने का कोई मौका नहीं दिया.

# मैच के डेथ ओवर्स में खराब गेंदबाज़ी का एक नमूना ये भी रहा. 40 ओवर के बाद डिविलियर्स 50 गेंद पर 45 रन बनाकर खेल रहे थे. वहीं आखिरी ओवरों में डिविलियर्स ने सिर्फ 23 गेंद पर 59 रन बना दिए. यानी 200 से भी ज्यादा के स्ट्राइक रेट से.

No comments:

Post a Comment